चंबा। चंबा कॉलेज में हिमाचल राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ के पदाधिकारियों ने मांगों को लेकर मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार अगर जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस दौरान उन्होंने गेट मीटिंग भी की।
चंबा कॉलेज के अलावा जिले के अन्य कॉलेजों में भी प्रदर्शन किया गया। इसकी अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष परविंद्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कार्यकारिणी के दिशा-निर्देशानुसार मंगलवार से गेट मीटिंग और धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन 27 मई तक जारी रहेगा। उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन का बहिष्कार के बाद सात दिन का नोटिस सरकार को पहले ही दिया जा चुका था लेकिन कोई भी हल नहीं हो पाया है। स्थानीय इकाई सचिव डॉ. मोहिंद्र सलारिया ने कहा कि उनकी मुख्य मांगों में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के साथ ही एमफिल और पीएचडी की इंक्रीमेंट को बहाल करना, अनुबंध पीरियड को रेगुलर सर्विस लाभ में शामिल करना और महाविद्यालय में प्रोफेसर के पद का सृजन करना आदि शामिल हैं।