सलूणी (चंबा)। सलूणी से सुंडला वाया पुखरी बनी सड़क को बस चलने योग्य बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। गौरतलब है कि चार पंचायतों के लोगों को सुंडला जाने के लिए नौ किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। सलूणी से सुंडला वाया धारगला होकर बसें चलती हैं, जिससे ग्राम पंचायत सलूणी, पुखरी, दिघाई और खरोटी के लोगों को नौ किमी का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। ऐसे में यदि सलूणी से सुंडला वाया पुखरी बनी सड़क को बस चलने योग्य बनाया जाता है तो चार पंचायतों के सैकड़ों लोगों को फायदा होगा।
पुखरी पंचायत प्रधान खेम राज, सलूणी पंचायत प्रधान मान सिंह, उपप्रधान अनिल कुमार और ग्रामीणों देस राज, रवि कुमार, राज कुमार, साहब सिंह और महिंद्र ने बताया कि उपरोक्त सड़क का निर्माण रियासत काल में हुआ था। लेकिन, उसके बाद आज दिन तक इस सड़क को बस चलने योग्य नहीं बनाया गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क को जल्द बस चलने योग्य बनाया जाए, जिससे लोगों को नौ किमी का अतिरिक्त सफर करने से छुटकारा मिल सके। लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके चंदेल ने बताया कि सड़क को बस चलने योग्य बनाने के लिए स्थानीय लोग अपनी निजी भूमि विभाग के नाम करते हैं तो सड़क बनाने की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।