चंबा। आखिरकार छह वर्ष के बाद शिक्षा खंड तीसा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय देहरा को अपना भवन नसीब होगा। शिक्षा विभाग ने स्कूल भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये का बजट मंजूर कर पंचायत को जारी कर दिया है। स्कूल का अपना भवन बनने से अध्यापकों के साथ ही 25 विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी।
गौर रहे हैं कि देहरा विद्यालय छह वर्षों से दो निजी कमरों में चल रहा है। एक कमरे में स्टाफ तो दूसरे कमरे में विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। ऐसे में विभिन्न कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में पढ़ाना अध्यापकों के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है। भवन निर्माण की मांग को लेकर स्कूल प्रबंधक समिति ने शिक्षा विभाग को प्रस्ताव भेजा थी, जिसे स्वीकृति देने के बाद अब स्थानीय पंचायत देहरा को बजट भी जारी कर दिया गया है।
अब ग्राम पंचायत देहरा की ओर से स्कूल भवन का निर्माण कार्य किया जाएगा। नए स्कूल भवन में तीन कमरें के अलावा शौचालय और रसोईघर का निर्माण होगा। इससे विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। उधर, राजकीय प्राथमिक पाठशाला चांजू के प्रभारी केंद्रीय मुख्य शिक्षक गुरदियाल शर्मा ने कहा कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए बजट जारी हो गया है। जल्द कार्य शुरू हो जाएगा।
शिक्षा खंड तीसा के देहरा विद्यालय के भवन के लिए 15 लाख रुपये का बजट जारी हो गया है। अब स्कूल भवन का निर्माण पंचायत की ओर से किया जाएगा।
- सुमन कुमार मिन्हास, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, चंबा
पंचायत की ओर से 25 सितंबर से निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-गुरदेव, प्रधान, ग्राम पंचायत देहरा।