व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत मां ने मांगे थे 15 लाख रुपये, जिला उपभोक्ता आयोग ने शिकायत की निरस्त
पंजीकृत मालिक-सह चालक को ही मिल सकता है अनिवार्य दुर्घटना बीमा का लाभ, कंपनी की कार्रवाई को नहीं माना सेवा में कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मोटरसाइकिल हादसे में बेटे की मौत के बाद व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का मुआवजा मांग रही मां को जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग से राहत नहीं मिली है।
आयोग ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ दायर शिकायत खारिज कर दी है। आयोग ने स्पष्ट किया कि अनिवार्य व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का लाभ केवल वाहन के पंजीकृत मालिक-सह चालक को ही मिल सकता है। मृतक इस शर्त को पूरा नहीं करता था।
मामला भरमौर विधानसभा क्षेत्र की एक महिला से जुड़ा है। उसके नाम पर पंजीकृत मोटरसाइकिल का आईसीआईसीआई लोम्बार्ड से 9 अगस्त 2019 से 8 अगस्त 2024 तक व्यापक बीमा करवाया गया था। इसके लिए 375 रुपये का प्रीमियम देकर 15 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर भी लिया गया था। 13 अक्तूबर 2021 को मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उस समय महिला का बेटा नरिंदर कुमार बाइक चला रहा था। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद मां ने बीमा कंपनी के पास मुआवजे का दावा पेश किया, लेकिन कंपनी ने इसे खारिज कर दिया। इस पर महिला ने सेवा में कमी का आरोप लगाते हुए आयोग में शिकायत दर्ज करवाई।
आयोग के अध्यक्ष हेमांशु मिश्रा और सदस्य नारायण ठाकुर ने सुनवाई के दौरान भारतीय मोटर टैरिफ के सामान्य विनियमन-36 का हवाला दिया। आयोग ने कहा कि व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का लाभ लेने के लिए वाहन का पंजीकृत मालिक-सह-चालक होना जरूरी है। चूंकि नरिंदर कुमार मोटरसाइकिल का पंजीकृत मालिक नहीं था, इसलिए वह बीमा कवर के दायरे में नहीं आता। ऐसे में कंपनी की ओर से दावा खारिज करना सेवा में कमी नहीं है। इसी आधार पर आयोग ने शिकायत बिना किसी लागत संबंधी आदेश के खारिज कर दी।