चंबा। कारपेंटर का काम करने वाले 20 वर्षीय युवक ने छत के पंखे से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। युवक चुराह के चंदेड़ी गांव का रहने वाला था जो सुल्तानपुर में कारपेंटर का कार्य करता था। उसके साथ एक अन्य युवक भी किराये के कमरे में रह रहा था। बुधवार शाम को जब चमन लाल (20) निवासी गांव चंदेड़ी डाकघर जसौरगढ़ अपने कमरे में मौजूद था तो उसके साथ रहने वाला दूसरा युवक बाजार में जरूरी सामान लेने के लिए चला गया।
कुछ देर के बाद जब वह कमरे के पास पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था। उसने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई। इसको लेकर युवक ने मकान मालिक को बताया। जब उन्होंने खिड़की से टॉर्च जलाकर मकान के अंदर झांक कर देखा तो युवक फंदे पर झूल रहा था। इसके बाद उन्होंने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
साथ ही पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक का शव फंदे से नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस को मौके से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।