चंबा। जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय ने जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया। यह महोत्सव राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का हिस्सा था। इसमें 54 प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
महोत्सव में नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, लोक नृत्य, लोकगीत और कविता लेखन प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। सामूहिक लोकनृत्य में डीएवी चंबा पहले और क्लासिक एरा अकादमी दूसरे स्थान पर रही। सामूहिक लोकगीत में स्वर मंदिर अकादमी प्रथम, क्लासिक एरा अकादमी द्वितीय और डीएवी चंबा तृतीय स्थान पर रहा।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता क्लासिक एरा अकादमी चंबा ने जीती। मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत चंबा राहुल गर्ग ने विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्यस्तरीय युवा उत्सव में शामिल होंगे। कविता लेखन प्रतियोगिता में चंबा कॉलेज के ऋषि कपूर प्रथम रहे। महर्षि दयानंद आदर्श विद्यालय की तनिषा दूसरे और राजकीय संस्कृत महाविद्यालय की मोनिका शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। चित्रकला में राजकीय महाविद्यालय की स्नेहा प्रथम रहीं। महर्षि दयानंद आदर्श विद्यालय की एंजल ठाकुर द्वितीय और राजकीय संस्कृत महाविद्यालय की नेहा सोनी तृतीय रहीं। निर्णायक मंडल में सहायक प्रोफेसर अविनाश, जितेश्वर सूर्या, केएस प्रेमी, टीसी सावन और मोहन लाल वेदाचार्य शामिल रहे।