चंबा। ग्राम पंचायत सिंगी में दड़ोगा से मिल्हा को जोड़ने वाली दो किलोमीटर लंबी जीप योग्य सड़क का विधायक नीरज नैयर ने लोकार्पण किया। पिछड़ा क्षेत्र उप-योजना के अंतर्गत लगभग 57 लाख रुपये की लागत से यह सड़क निर्मित की गई है। इस दौरान विधायक ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास वहां को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर निर्भर करता है। तीन वर्षों में एफआरए से संबंधित रिकॉर्ड मामलों का निपटारा किया गया है, जिससे विधानसभा क्षेत्र में संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों को तेजी मिली है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि दड़ोगा-मिल्हा संपर्क मार्ग को आगे सिंगी तक विस्तारित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विधायक ने ग्राम पंचायत सिंगी के गांव समुई में 35 हजार लीटर क्षमता वाले जल भंडारण टैंक का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और फतेहपुर और मिल्हा गांव में एलपीजी सिलिंडर वितरण वाहन नियमित रूप से पहुंचाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए। साथ ही फतेहपुर में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर शीघ्र स्थापित करने का आश्वासन दिया, जिससे ग्रामीणों को कम वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत सिंगी मीना देवी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जोगिंदर कुमार, अधिशासी अभियंता जल शक्ति जितेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।