Darkness prevailed in Pholgat for 24 hours, villagers upset
चंबा। ग्राम पंचायत राजपुरा के गांव फोल्गत में बिजली की सप्लाई 24 घंटों से गुल है। मंगलवार सुबह दस बजे से बिजली गुल हो गई थी। लोगों के विद्युत संचालित उपकरण भी शोपीस बने हुए हैं। मंगलवार रात भी लोगों को ठिठुरते हुए ही गुजारनी पड़ी।
लोगों के मुताबिक कई बार विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को अवगत करवाया गया लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया। बहरहाल, बोर्ड के उच्चाधिकारियों को शिकायत करने पर अब बिजली की लाइन को दुरुस्त करने का कार्य आरंभ हो पाया है। लोगों ने बोर्ड की लचर कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि जिले में मौसम के बदले तेवरों ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। मंगलवार सुबह फोल्गत गांव में बिजली की सप्लाई बंद पड़ गई। अचानक बिजली गुल होने से लोगों विशेषकर नौकरीपेशा लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र किश्तवाड़िया सहित ग्रामीणों जितेंद्र राणा, विजय सिंह, योग सिंह चनरिया, पुरुषोत्तम और ओम प्रकाश ने बताया कि बिजली बिल समय पर भरने के बाद बावजूद बोर्ड प्रबंधन सेवाओं को सुचारु नहीं रख पा रहा है। उन्होंने बोर्ड के अधिशासी अभियंता से समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग उठाई है।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता पवन शर्मा ने बताया कि भारी बारिश के बाद बिजली गिरने से 63 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर जल गया है। बताया कि खराब ट्रांसफार्मर की जगह पर 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाया गया है। जल्द बिजली सप्लाई बहाल हो जाएगी।