शहर के 95 फीसदी होटल पैक, गांधी चौक से मालरोड तक सैलानियों की चहल-पहल कारोबारियों के चेहरे खिले
सितंबर में धीमी रफ्तार को अक्तूबर की शुरुआत ने दी गति, होटल-रेस्तरां से टैक्सी और बाजार तक बढ़ी गतिविधि
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। अक्तूबर की शुरुआत के साथ डलहौजी में पर्यटन का पहिया तेज घूमने लगा है। पहाड़ी नगरी में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे सैलानियों की भीड़ ने शहर की रौनक बढ़ा दी है।
हालात यह हैं कि शहर के 95 फीसदी होटल पैक हो चुके हैं। कई होटलों में कमरों की उपलब्धता सीमित रह गई है। सितंबर में अपेक्षाकृत धीमे रहे पर्यटन कारोबार को अक्तूबर की शुरुआत में मिली इस तेजी से कारोबारियों में उत्साह है।
गांधी चौक, सुभाष चौक और मालरोड पर दिनभर सैलानियों की आवाजाही बनी हुई है। परिवारों के साथ पहुंचे पर्यटक सुहावने मौसम के बीच देवदार के जंगलों और पहाड़ी वादियों का आनंद ले रहे हैं। पर्यटन स्थलों के अलावा स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ी है। पर्यटक घूमने के साथ खरीदारी कर रहे हैं, जिससे दुकानों, रेस्तरां और कैफे में भी ग्राहकी बढ़ी है।
पर्यटकों की बढ़ी आमद का असर होटल और टैक्सी कारोबार पर भी पड़ा है। होटल कारोबारियों के अनुसार कई होटल पूरी तरह बुक हैं, जबकि अन्य होटलों में भी कमरों की मांग लगातार बढ़ रही है। पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों को आगामी त्योहारों और छुट्टियों से भी उम्मीदें हैं।
स्थानीय पर्यटन कारोबारी मायूक, आशू और विशाल ने कहा कि अक्तूबर की शुरुआत में पर्यटकों की आमद कारोबार के लिए उत्साहजनक है। यदि यही सिलसिला आगे भी बना रहा तो आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार में और तेजी आ सकती है।
सैलानियों की बढ़ती संख्या के बीच शहर में यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर दबाव बढ़ना भी शुरू हो गया है। ऐसे में पर्यटकों की सुविधा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना प्रशासन के लिए चुनौती रहेगा।