कबायली क्षेत्र पांगी में इमारती लकड़ी के स्टोर में आग लगने से लकड़ी जलकर राख हो गई। इससे स्टोर मालिक पूर्ण चंद निवासी गांव किलाड़ पांगी को काफी नुकसान हुआ है। इमारती लकड़ी का यह स्टोर पांगी पुलिस थाने के भवन से कुछ ही दूरी पर है। पांगी पुलिस ने आग बुझाने के लिए काफी कोशिश की। पीड़ित पूर्ण चंद ने बताया कि हाल ही में उसे टीडी के तहत लकड़ी मिली थी। जिसे सुरक्षित रखने के लिए अपने दो कमरों में रखा था।
बुधवार दोपहर दो बजे के करीब शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई। देखते ही देखते लकड़ी का स्टोर जलकर राख हो गया। प्रशासन और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया है। रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेजी जा रही है। उधर तहसीलदार पांगी जालम सिंह ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना मिली है। पटवारी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। पटवारी से रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित परिवार को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।