अपहरण के मामले में आरोपी और अदालत की ओर से उद्घोषित अपराधी को चंबा पुलिस के पीओ सैल ने पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र सोभिया राम निवासी मोहल्ला ओबड़ी तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। आरोपी सोनू पर वर्ष 2014 में भादंसं की धारा 363 व 366 के तहत चंबा पुलिस थाना में मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद सोनू को पुलिस ने हिरासत में लिया था और पेशी के बाद अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया था। लेकिन, जमानत मिलने के बाद सोनू दोबारा अदालत में पेश नहीं हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनू अपने परिवार को साथ लेकर फरार हो गया है। इसके बाद अदालत ने आरोपी सोनू को भगौड़ा करार दे दिया। इसके बाद से पुलिस आरोपी की जगह-जगह तलाश कर रही थी। लगभग दो वर्ष बाद चंबा पुलिस के पीओ सैल को सूचना मिली कि आरोपी सोनू पंजाब के अमृतसर में रह रहा है।
लिहाजा पीओ सैल ने सोनू को पकड़ने का जाल बिछाया और उसे सात मार्च को अमृतसर में दबोच लिया गया। जिसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुष्टि करते हुए एएसपी चंबा वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि अदालत से आरोपी का पुलिस रिमांड मांगा जाएगा, ताकि पुलिस मामले की जांच कर सके।