लखनऊ में आतंकी मुठभेड़ के बाद सूबे में जारी हाई अलर्ट का बुधवार को शहर में असर नहीं दिखा। पुलिस शहर में सुस्त दिखी। सार्वजनिक स्थल पर चौकसी नदारद रही। अमर उजाला ने हाई अलर्ट का जायजा लिया तो रेलवे स्टेशन को छोड़ कहीं मुस्तैदी नहीं दिखाई पड़ी।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर वाराणसी सुल्तानपुर-पैसेंजर ट्रेन पहुंची। ट्रेन के पहुंचने के बाद जीआरपी एसओ सूबेदार यादव, आरपीएफ के उप निरीक्षक प्रभात कुमार ने अन्य सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से मेटल डिटेक्टर से आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की तलाशी ली। उनके टिकट भी चेक किए गए।
जिला अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की बुधवार को खचाखच भीड़ रही। अस्पताल गेट, इमरजेंसी कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष पर लोगों की भारी संख्या रही। जिला अस्पताल में एक भी पुलिस कर्मी नहीं दिखा।
बुधवार को होली के त्योहार को लेकर बसों में भारी भीड़ रही। रोज की तरह बस स्टेशन इलाका काफी व्यस्त रहा। यहां भी पुलिस की मुस्तैदी नदारद रही।