चंबा-चुवाड़ी वाया जोत मार्ग पर एक कार दुर्घटना में पंजाब निवासी दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो घायल युवकों का चुवाड़ी अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह हादसा रविवार सुबह हुआ।
इसका पता पुलिस और लोगों को दोपहर को उस समय लगा जब घायलों मे से एक ने अपने घर पंजाब फोन कर हादसे के बारे में बताया। जहां से उसके परिजनों ने 101 नंबर पर चंबा पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद शुरू हुए खोज अभियान में कुट के समीप लगभग पांच सौ मीटर गहरी खाई में दो युवकों के शव बरामद करके दो घायलों को उपचार के लिए भिजवाया।
हादसे में काल का ग्रास बने दो युवकों की पहचान चालक विशाल गौरव (27) पुत्र इंद्रजीत निवासी सुंदरनगर अमृतसर और निशान सिंह (24) पुत्र सुचा सिंह निवासी तरनतारन पंजाब के रूप में हुई है। घायलों की पहचान संदीप कुमार (23) पुत्र रंजीत सिंह निवासी अमृतसर व जितेंद्र (22) पुत्र बलबिंद्र सिंह निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। चारों युवक दोस्त बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला कि यह चारों युवक पंजाब से पर्यटन नगरी खजियार में न्यू ईयर ईव मनाने आए हुए थे।
जहां नव वर्ष की रात के बाद सुबह तड़के ही चारों युवक खजियार से वाया जोत होकर चुवाड़ी से नूरपूर और पठानकोट के लिए निकले थे। लेकिन बीच रास्ते में कुट के समीप अचानक इनका कार अनियंत्रित होकर सीधे पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जहां चालक विशाल गौरव समेत निशान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल संदीप और जितेंद्र को मदद मिलने तक काफी इंतजार करना पड़ा। बहरहाल पुलिस ने दोपहर तीन बजे के करीब घटना स्थल पर पहुंच कर राहत पहुंचाई। दो घायलों को घटनास्थल से निकाल कर उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करके अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया है।
डीएसपी डलहौजी सागर चंद्र ने बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में कार चालक विशाल गौरव पर मामला दर्ज किया गया है। जिसके चलते चालक समेत एक अन्य युवक की जान चली गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।