उपमंडल चुराह में एक शिक्षक ने किताब न लाने पर बच्चे की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। शनिवार को एक छात्र की पिटाई पर बवाल मच गया। अभिभावकों ने पहले अध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन किया और उसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। पुलिस ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
छात्र का चंबा अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है। इसमें चोट की पुष्टि हुई है। मिली जानकारी अनुसार राजकीय उच्च पाठशाला गनेड़ में वीरवार को एक शिक्षक ने नवमीं कक्षा के छात्र हेमराज की पिटाई कर दी थी। बताया जा रहा है कि हेमराज शिक्षक के कहे अनुसार स्कूल में किताब नहीं लेकर आया था। इससे खफा शिक्षक ने छात्र की बुरी तरह से पिटाई कर दी। इससे छात्र के मुंह और टांग में चोट आई है।
चोट गहरी होने के कारण परिजन छात्र को शुक्रवार को चंबा ले गए और शनिवार को तीसा थाने में केस दर्ज करवा दिया। मेडिकल के लिए छात्र को चंबा ले जाया गया है।
उधर, स्कूल प्रभारी गनेड़ प्रदीप कुमार ने बताया कि ऐसी घटना स्कूल में घटी है। एक एसएमसी शिक्षक ने किताब न लाने पर बच्चे को पीटा है। प्रदीप कुमार ने बताया कि इस बारे सोमवार को एसएमसी की बैठक बुलाई गई है।