राजनगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल मच गया है। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर कई संगीन आरोप लगाए और पोस्टमार्टम चंबा अस्पताल में करवाने से इंकार कर दिया। मायके पक्ष के लोग इस पूरे मामले में कड़ी जांच की मांग कर रहे थे। जिसके बाद पुलिस की निगरानी में शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया गया है। शुरूआती पड़ताल के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भादंसं की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
महिला अपने पीछे सात माह की बेटी के छोड़ गई है। महिला की पहचान मीना (21) पत्नी मनीष निवासी राजनगर के रूप में हुई है। महिला के परिजनों के अनुसार उन्हें सुबह साढ़े आठ बजे मनीष का फोन आया कि मीना ने घर में फंदा लगा लिया है जिसे वह अस्पताल ले गया है। इस खबर को सुनते ही मायके पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई। महिला के माता-पिता समेत अन्य सगे संबंधी क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने ससुराल और मायके पक्ष दोनों के बयान दर्ज किए। हालांकि महिला के मायके वालों इस घटना को हत्या करार दिया है।
उधर ससुराल पक्ष वालों ने बयान दर्ज करवाया है कि घटना वाली सुबह मनीष और मीना के बीच कुछ कहासुनी हुई थी। जिसके बाद मीना ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। इसके कुछ समय बाद जब कोई जबाव नहीं आया तो मीना के पति ने खिड़की से कमरे के अंदर झांक कर देखा तो मीना सीलिंग फैन से फंदे पर झूलती नजर आई। लिहाजा मनीष खिड़की तोड़ कर कमरे के अंदर दाखिल हुआ। जहां से मीना को तुरंत अस्पताल लाया गया लेकिन वहां मीना को मृत करार दे दिया गया। इस वारदात के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्मा गया है।
टांडा में होगा पोस्टमार्टम : एएसपी
एएसपी विरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मायका पक्ष के बयान पर महिला के पति पर भादंसं की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम टांडा में करवाया जाएगा। उसके बाद ही मीना की मौत की वजह और समय का सही पता चल पाएगा। बहरहाल आरोपी पति को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।