प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पीलिया की दस्तक से भरमौर के लोग भी डरे हुए हैं। यहां सीवरेज के लिए बनाई गई नालियों की हालत काफी खराब है। कई जगह नालियां खुली पड़ी हैं तो कहीं गंदगी की लीकेज से बदबू फैल रही है। सीवरेज की इन नालियों के साथ ही पेयजल पाइपें भी जोड़ी गई हैं जिससे घरों तक गंदगी पहुंचने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोग इस संबंध में कई बार प्रशासन से व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों प्रीतम चंद, राजेश, भक्त राम, रवि, चतरो, कंठ, सुरजीत, पुरशोतम का कहना है कि भरमौर में यदि व्यवस्था को सुधारा न गया तो यहां भी पीलिया जैसी बीमारी पांव पसार सकती है। उन्होंने उपमंडल प्रशासन से आह्वान किया है कि जल्द ही इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएं। इस संबंध में एसडीएम भरमौर जितेंद्र कंवर का कहना है कि संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए जाएंगे और इस दिशा में उचित कदम उठाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।