बिजली बोर्ड ने शहर के 166 डिफाल्टर उपभोक्ताओं को 31 मार्च से पहले अपना लंबित बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने वाले उपभोक्ताओं के 31 मार्च के बाद बिजली बोर्ड मीटर उखाड़ लेगा। उपभोक्ताओं को मीटर लगाने के लिए नए सिरे से औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ेंगी।
चंबा शहर में करीब 166 उपभोक्ता ऐसे हैं। जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिल नहीं भरा है। इन उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड की करीब दो लाख रुपये की राशि पर कुंडली मार रखी है। अब बोर्ड ने बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। इसके चलते उपभोक्ताओं को 31 मार्च से पहले बिजली बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। हालांकि नोटिस मिलने के बाद कुछ उपभोक्ता लंबित बिल जमा करवाने के लिए बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर रहे हैं। जबकि कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं। जोकि नोटिस मिलने के बाद भी बिल जमा नहीं करवा रहे हैं।
उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता हरिंद्र सिंह ने बताया कि शहर के करीब 166 डिफाल्टर उपभोक्ताओं को 31 मार्च से पहले लंबित बिल जमा करवाने के नोटिस जारी किए गए हैं। 31 मार्च के बाद डिफाल्टर उपभोक्ताओं के मीटर उखाड़ लिए जाएंगे।