चांजू (चंबा)। चांजू परगने के नगौड़ी गांव में बीते शुक्रवार को मिले 28 वर्षीय युवक के शव का रविवार को टीएमसी में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में मिले शुरूआती साक्ष्यों के बाद पुलिस इस मामले को अब हत्या की दृष्टि से जांच कर रही है।
हालांकि पोस्टमार्टम की पूरी रिपोर्ट अभी संबंधित थाना में नहीं पहुंची है। लेकिन टीएमसी के पोस्टमार्टम विशेषज्ञों ने इसकी पुष्टि कर दी है कि युवक की मौत के कारण प्राकृतिक नहीं बल्कि हत्या है। उधर पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर जिस महिला व उसके बेटे से पूछताछ की थी, अब पुलिस उन्हीं मां बेटे को इस मामले में मुख्य आरोपी मान कर चल रही है। लिहाजा मामला साफ होने के बाद अब पूछताछ में सख्ती बढ़ा देगी।
शुक्रवार की सुबह चांजू के नगौड़ी गांव के एक युवक बुद्घि प्रकाश का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर बरामद हुआ था। लिहाजा सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जाकर घटना स्थल की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा अस्पताल लाया। जहां पर चिकित्सकों ने यह कह कर पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया कि यह पोस्टमार्टम कोई विषय विशेषज्ञ ही कर सकता है। ऐसे में पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए टीएमसी ले जाना पड़ा। जहां पर युवक की मौत के तीन दिन बाद रविवार को पोस्टमार्टम हो पाया। परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया है।
...
पुलिस को मिल चुके है साक्ष्य : डीएसपी
डीएसपी सलूूणी महिंद्र सिंह मिंहास ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस को जो आवश्यक साक्ष्य चाहिए थे, वह पुलिस को चिकित्सकीय जांच के बाद मिल चुके हैं। इस मामले के मुख्य आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाएगी ताकि युवक की मौत का रहस्य खुल सके। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट पहुंचने के बाद मामले की धारा में बदलाव हो सकता है।