पुलिस के पीओ सेल ने अदालत से उद्घोषित अपराधी लोकराज निवासी गत्ती, जिला कठुआ, जम्मू एवं कश्मीर को कठुआ से दबोचने में सफलता हासिल की है।
लोकराज के खिलाफ अदालती अवमानना को लेकर भादंसं की धारा 174ए के तहत एक और मामला भी दर्ज किया गया है। सोमवार दोपहर बाद उद्घोषित अपराधी को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने लोकराज को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी चंबा वीरेंद्र तोमर ने खबर की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार लोकराज सहित बारह अन्य लोगों के खिलाफ वर्ष 2006 सदर थाना चंबा में धारा 294 व 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अदालत से जमानत मिलने के बाद लोकराज पेशी भुगतने नहीं पहुंच रहा था। अदालत ने लोकराज की गैर हाजिरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। पुलिस तभी से लोकराज की तलाश कर रही थी।
पीओ सेल टीम को लोकराज की कठुआ में मौजूदगी की सूचना मिली। पीओ सेल की टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर कठुआ में दबिश देकर लोकराज को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी चंबा वीरेंद्र तोमर ने बताया कि उद्घोषित अपराधी के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान लोकराज से पूछताछ की जाएगी।
000