ढकोग-बन्नी मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। हादसा ऑल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से हुआ है। हादसे में मारे गए लोगों में से एक ऊना एक चंबा के रहने वाले हैं जबकि तीसरे की पहचान नहीं हो पाई है।
मारे गए लोगों की पहचान जगदीश चंद (35) पुत्र गोरखू गांव हाट पंचायत दुर्गठी, मनप्रीत सिंह पुत्र मनजीत सिंह निवासी रक्कड़ कॉलोनी वार्ड नंबर दो तहसील व जिला ऊना के रूप में हुई है। तीनों ऊना में पंजीकृत गाड़ी नंबर एचपी 20ई-6061 में सवार होकर सोमवार रात को बन्नी माता की तरफ जा रहे थे।
देर रात अचानक गाड़ी हादसे का शिकार होकर करीब डेढ़ किलोमीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद रात भर तीनों के शव खाई में पड़े रहे। सुबह जब तुंदाह गांव के लोग अपने मवेशियों को लेकर खेतों की तरफ गए तो उन्होंने वहां शव पड़े देखे। जिसकी तुरंत सूचना पंचायत प्रधान तिलक राज को दी। तिलक राज ने यह जानकारी पुलिस थाना भरमौर को दे दी।
सूचना मिलते ही भरमौर से पुलिस की एक टीम मौके के लिए रवाना हो गई। उधर, अतिरिक्त जिलादंडाधिकारी विनय धीमान ने ऑल्टो कार के खाई में गिरने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है। अभी तक तीन लोगों के मरने की सूचना है और पुलिस चप्पे-चप्पे की शिनाख्त कर रही है।
थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि तीन शव बरामद हुए हैं। जिसमें एक की पहचान जगदीश चंद पुत्र गोरखू गांव हाट पंचायत दुर्गठी के रूप में हुई है। एक ऊना का रहने वाला है। एक की पहचान नहीं हो पाई है। वाहन तक पहुंचना काफी जोखिम भरा है। स्थानीय लोगों की मदद से ही पुलिस ने इन शवों को सड़क तक पहुंचाया है।
उधर, डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर रवाना हो गया था। मौके से तीन शव बरामद हुए हैं। पुलिस हादसे की वजह की तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।