भटियात के होवार-खडेडा मार्ग पर मकनाला के समीप एक कार दुर्घटना में स्थानीय युवक की मौके पर मौत हो गई।
यह हादसा वीरवार की दोपहर डेढ़ बजे उस समय हुआ। जब युवक बंटी ठाकुर (21) पुत्र विशन सिंह निवासी गांव वासा पंचायत खडेडा भटियात अपने घर से कार में एलपीजी सिलेंडर लेने निकाला था। लेकिन बीच रास्ते में मकनाला के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे डेढ़ सौ फुट नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद लोग पुलिस को सूचना देकर राहत कार्य में जुट गए। जहां से क्षतिग्रस्त कार में बेसुध पड़े बंटी को निकाल कर उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने बंटी ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने भी घटना स्थल का जायजा लेकर बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पता चला है कि मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर मामले की जांच की जा रही है।