चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते बालू में पुलिस ने नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहे शख्स को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी के घर में छापामारी के दौरान नशे की खेप के साथ करीब पौने आठ लाख रुपये कैश भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपी इमरान खान निवासी बालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर नरेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। एसएचओ प्रशांत ठाकुर व उनकी टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार बालू में पुलिस को लंबे समय से नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसको देखते हुए पुलिस ने वहां अपने गुप्तचर तैनात कर दिए। मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि इमरान खान निवासी बालू ने अपने घर में नशीली दवाओं की अवैध खेप रखी हुई थी। पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर को साथ लेकर उसके घर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान इमरान खान के घर में पुलिस को नशीली दवाओं की अवैध खेप के साथ भारी कैश भी बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ दवाओं और कैश को भी जब्त कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर में स्पैजमो प्रोक्सीवान प्लस दवा के 6720 और पायरीजेसिक दवा के 39 कैप्सूल बरामद किए गए। इन दवाओं को डॉक्टर की पर्ची के बिना किसी को भी बेचा जा सकता है। मगर आरोपी इन दवाओं को नशे के रूप में युवाओं को बेचने का अवैध कारोबार करता था। कार्रवाई के दौरान मौके पर 7 लाख 86 हजार 567 रुपये कैश भी बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि बालू में एक व्यक्ति को नशीली दवाओं के साथ पकड़ा गया है। दवाओं और मौके से बरामद कैश को जब्त कर लिया गया है। इसके साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।