अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। सिहुंता के मोतला चामुंडा देवी मंदिर में चोरों ने सोने, चांदी के आभूषणों सहित चढ़ावे पर हाथ साफ कर दिया है। इससे क्षेत्र के लोग सकते में हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक चोर मंदिर से 18000 रुपये की नकदी सहित 96000 रुपये की सोने और चांदी के आभूषण चुराकर ले गए हैं। घटना मंगलवार रात की बताई है। इसका पता बुधवार सुबह चला। जब मंदिर का पुजारी पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचा तो मंदिर में देवी की मूर्ति पर चढ़े सोने चांदी के आभूषण गायब थे। इसके अलावा मंदिर के दान पात्र में रखी नकदी भी चोरी हो गई थी। इसकी सूचना पुजारी ने मंदिर कमेटी और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मंदिर में जाकर घटना से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए।
पुलिस को दिए ब्यान में चामुंडा देवी मंदिर मोतला के पुजारी ने मधुकर शर्मा ने बताया कि रोजमर्रा की तरह रात की आरती के उपरांत मंदिर को बंदकर चले गए थे। बुधवार की सुबह जब वे मंदिर में साफ-सफाई करने के लिए पहुंचे तो मंदिर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। इसे देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने बताया कि मंदिर में देवी की मूर्ति पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण के साथ चोर दानपात्र से नगदी भी चुराकर ले गए हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को चोरी की घटना के बारे में सूचना दी। वहीं, पुलिस का दावा है कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाली आरोपी शीघ्र ही गिरफ्त में होंगे। मंदिर में चोरी की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों को अपने घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस ने मांग की है कि चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए। ताकि इलाके में इस प्रकार की दोबारा कोई घटना सामने नहीं आ सके। सिहुंता पुलिस चौकी की टीम मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस टीम ने मंदिर परिसर के आस पास रहने वाले सभी लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि सिहुंता के मोतला चामुंडा देवी मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस मामले को लेकर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।