चंबा। सोशल मीडिया पर एक दिन से पुलिस कर्मी के बिना हेल्मेट दो पहिया वाहन चलाने के वीडियो की पुलिस ने जांच की है। यह वीडियो चुवाड़ी क्षेत्र का था। वीडियो की जांच में पता चला है कि पुलिस कर्मचारी जब्त की गई बाइक को थाने छोड़ने के लिए ले जा रहा था। क्योंकि उस दौरान वहां पर हेल्मेट की कोई सुविधा नहीं थी। इस वजह से कांस्टेबल को मजबूरी में बिना हेल्मेट ही स्कूटी को थाने पहुंचाना पड़ा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि इस तरह के तथ्य विहीन वीडियो बनाकर पुलिस को बदनाम करने की कोशिश की गई है। जबकि असलियत कुछ ओर ही थी। शुक्रवार को हेड कांस्टेबल ने स्कूटी नंबर एचपी 54- 8812 को बिना दस्तावेज और बिना हेल्मेट के मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किया था। स्कूटी जब्त करने बाद उसे थाना में पहुंचाना जरुरी था। मौका पर हेल्मेट व अन्य कोई विकल्प न होने के कारण उक्त मुख्य आरक्षी बिना हेल्मेट थाने ले गया। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने कहा कि हेलमेट लोगों की सुरक्षा के लिए है न कि उन्हें दंडित करने के लिए। आंकड़े बताते हैं कि दो पहिया वाहनों की सड़क दुर्घटनाओं में 95 प्रतिशत लोगों की सिर की चोट के कारण मौत हो जाती है।