सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत स्नूंह के जुनांस गांव में वीरवार को तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया। मकान जलने से चार परिवार बेघर हो गए हैं। आग लगने की वजह से करीब बीस लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इसकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम जांच कर रही है। मकान में सरदार मोहम्मद, मोहम्मद ईशा, लतीफ मोहम्मद और शमसदीन परिवार सहित रहते हैं। आग की चपेट में आने से उनका आशियाना पूरी तरह से जलकर राख हो गया।
मजबूरी में उन्हें पड़ोसी के घरों में शरण लेनी पड़ी। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। जानकारी के अनुसार मकान में किसी कारणवश वीरवार दोपहर के समय एक बजे आग लग गई। उस समय घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता है। घर में लगी आग को देख परिजनों ने गांव वालों को बुुलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने आग को बुझानेे का प्रयास किया। मगर आग इतनी भयावह हो चुकी थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
ग्रामीणों ने अग्निशमन केंद्र सुरंगानी को इस बारे में सूचित किया। मगर 40 किमी दूर सुरंगानी से दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचने से पहले घर में पूरी तरह से स्वाह हो चुका था। दमकल की टीम पहुंचने पर कुछ भी शेष नहीं बचा था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सलूणी विजय धीमान, नायब तहसीलदार डीआर भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से 60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इसके साथ ही परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।
पुलिस कर रही आग लगने के कारणों की जांच : विजय धीमान
एसडीएम सलूणी विजय धीमान ने बताया कि जुनांस गांव में आग की चपेट में आने से तीन मंजिला मकान राख हो गया है। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रभावित परिवारों को सहायता राशि दे दी गई है।