चंबा। तीसा के छलाणी गांव में बेटे ने पिता से मारपीट कर डाली। इस संबंध में पिता ने बेटे के खिलाफ तीसा थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार होली राम निवासी छलाणी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह घर में आराम कर रहा था। इसी दौरान उसका बेटा पान सिंह वहां आया ओर उसके साथ झगड़ा करने लगा।
देखते ही देखते बेटे ने उसके ऊपर लात घूंसे बरसाना शुरू कर दिया। किसी तरह से यहां से भागकर उसने जान बचाई। भागने के बाद तीसा थाना में जाकर उसने बेटे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई। इस मारपीट में उसे काफी चोटें भी आई हैं। इसके उपचार के लिए उसे तीसा अस्पताल में दवाई भी लेनी पड़ी।
पुलिस ने पीड़ित होली राम की शिकायत पर पान सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की छानबीन जारी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि तीसा थाने में एक व्यक्ति ने बेटे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।