Crash barrier will be installed from Katoribangla to sand
चंबा। कटोरी बंगला से लेकर बालू तक अब वाहन चालकों की आवाजाही सुरक्षित होगी। नेशनल हाईवे प्राधिकरण चंबा की ओर से हाईवे पर चालकों की सुरक्षा मजबूत करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जरूरी स्थानों पर क्रैश बैरियर स्थापित किए जाएंगे तो वहीं, जगह-जगह रिटेनिंग वॉल का भी निर्माण किया जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी। साथ ही हादसों की संभावना पर भी विराम लगेगा।
जानकारी के मुताबिक इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नेशनल हाईवे प्राधिकरण की ओर से शेष औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। करीब 21 करोड़ की लागत से यह कार्य पूरा होगा, जिससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। हाईवे पर कुछ जगह ऐसी हैं, जहां क्रैश बैरियरों का अभाव है। ऐसे में यहां हर समय हादसा होने की संभावना बनी रहती है। बहरहाल, हादसों की संभावनाओं को खत्म करने के लिए एनएच प्राधिकरण की ओर से क्रैश बैरियर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही जरूरी जगह पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण कर भूस्खलन को भी रोका जाएगा। गौरतलब है कि पठानकोट की सीमा के साथ लगते
कटोरीबंगला से लेकर भरमौर तक मार्ग को एनएच का दर्जा दिया गया है। वर्तमान में एनएच पर जगह-जगह कटाई का कार्य चल रहा है। कटाई का कार्य पूरा होने के बाद एनएच प्राधिकरण की ओर से जहां नालियों का निर्माण किया जा रहा है तो वहीं, तारकोल भी बिछाया जा रहा है। हाल ही में करियां के समीप कार्य को पूरा किया गया है। एनएच प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कटोरीबंगला से बालू तक क्रैश बैरियर और रिटेनिंग वॉल का जगह- जगह निर्माण किया जाएगा। इससे हाईवे पर हादसे की संभावना भी खत्म होगी। कहा कि शेष औपचारिकताओं के पूरा होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।