corona sampling is not doing properly
चंबा। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग कम कर दी है। पहले जहां रोजाना कोरोना जांच के लिए 1500 से 2000 लोगों के सैंपल लिए जा रहे थे वहीं, अब स्वास्थ्य विभाग जिलेभर में रोजाना चार से पांच सौ सैंपल ही एकत्रित कर रहा है। इसके चलते जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों में कमी आई है। सैंपलिंग ज्यादा होने से बेशक कोरोना के सक्रिय मामले बढ़ रहे थे लेकिन, इससे समय पर कोरोना मरीजों की पहचान और इलाज हो रहा था। इससे संक्रमण भी फैलने से रुक रहा था लेकिन, अब स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग घटा दी है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
गौरतलब है कि सरकार की ओर से कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग को जिले में रोजाना 1800 सैंपल लेने का लक्ष्य दिया गया था। विभाग अपने लक्ष्य को पूर्ण करते हुए रोजाना 1800 से 2000 लोगों के सैंपल ले रहा था। इनमें रोजाना सौ के करीब नए सक्रिय मामले भी सामने आ रहे थे। नए केस बढ़ने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों की तेजी से पहचान हो रही थी। लेकिन, अब स्वास्थ्य विभाग जिलेभर में पांच सौ के करीब लोगों के सैंपल ले रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि रोजाना जिलेभर से कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। कहा कि सैंपलिंग दर को और बढ़ाया जाएगा, जिससे मरीजों की पहचान हो सके।