चंबा। बनीखेत के पुखरी गांव के रहने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। सात दिन पहले उसे डीसीएच चंबा में भर्ती करवाया गया था। यह व्यक्ति कोरोना संक्रमण के साथ ही निमोनिया और एनीमिया बीमारी से भी ग्रसित था। इसके चलते उसकी सेहत में जल्द सुधार नहीं हो पा रहा था। वीरवार शाम उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि जिले में अब कोरोना से मरने वालों की संख्या का आंकड़ा 84 पहुंच गया है। पिछले कुछ दिन से जिले में रोजाना कोरोना मरीजों की मौत हो रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि डीसीएच में सात दिन से भर्ती एक 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे मास्क और दो गज दूरी के नियम की पालना करें।