चंबा। खराब मौसम का बहाना बनाकर ठेकेदार विकास कार्यों में लेटलतीफी नहीं कर पाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने सभी ठेकेदारों को कड़े आदेश जारी कर दिए हैं। ठेकेदारों को हिदायत दी गई है कि वे लंबित सभी कार्यों को तेज गति से पूरा करें।
लोक निर्माण मंडल चंबा के परिक्षेत्र में चल रहे सड़कों सहित अन्य विकासात्मक कार्यों को लोक निर्माण विभाग ने समय पर पूरा करने के लिए ठेकेदारों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के बाद भी निर्माण कार्यों में तेजी नहीं लाने वाले ठेकेदारों पर विभाग कड़ी कार्रवाई कर सकता है। इसके लिए ठेकेदारों को विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है।
चंबा मंडल के परिक्षेत्र में मौजूदा में दर्जनों सड़कों और सरकारी भवनों के निर्माण कार्य चले हुए हैं। पिछले दिनों भारी बरसात के चलते इन निर्माण कार्यों को रोका गया था। ठेकेदारों ने भी बरसात का बहाना बनाकर कार्यों पर ब्रेक लगाई थी। इनमें कई ठेकेदार ऐसे हैं, जिन्होंने मौसम साफ होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं करवाया है। इस पर लोक निर्माण विभाग सख्त हो गया है। विभाग ने सभी ठेकेदारों को आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय अधिकारी उन सभी कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे, जहां बरसात के दौरान विकासात्मक कार्य रोके गए थे। सड़क, पुल और सरकारी भवनों के निर्माण कार्य समय पर पूरे किए जाएंगे। इसको लेकर सरकार से भी विभाग को निर्देश मिले हैं।
लोनिवि मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि बरसात का बहाना बनाकर अब कोई भी ठेकेदार विकास कार्य को नहीं रोक पाएगा। इसके लिए सभी ठेकेदारों को कड़ी हिदायत जारी कर दी गई है। ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों में लेटलतीफी करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।