चंबा। लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरे पसरने वाला है। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय ने बिल जमा नहीं करवाने वाले 288 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी किए हैं।
बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से 5 लाख 91 हजार 933 रुपये की राशि वसूल करनी है। बिजली बोर्ड के अनुसार दो कनेक्शन काटने की कार्रवाई 2 माह तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ की जाती है। बिजली के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया से पहले 15 दिन का नोटिस दिया जाता है। इसके बाद भी उपभोक्ताओं ने बिलों की अदायगी करना जरूरी नहीं समझा। इससे बोर्ड के राजस्व को काफी चूना लग रहा था। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब जल्द ही बोर्ड के कर्मचारी उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर काटने पहुंचेंगे। बिलों की अदायगी करने के बाद उपभोक्ताओं को दोबारा कनेक्शन के लिए 250 रुपये अदा करने होंगे। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि बिलों की अदायगी न करने वाले 288 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।