चंबा। बिजली बिल जमा न करवाने वाले विद्युत उपभोक्ताओं के खिलाफ बोर्ड ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विद्युत बोर्ड चंबा-द्वितीय ने 350 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। विद्युत बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि उपभोक्ता आगामी 15 दिन के भीतर बिजली के बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो उनके बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। बोर्ड के इन निर्देशों के बाद उपमंडल के उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। बोर्ड का दावा है कि बिजली बिल के रूप में उपभोक्ताओं के पास लाखों की राशि फंसी हुई है।
जानकारी के मुताबिक बोर्ड के करीब 17 लाख रुपये बिल के रूप में उपभोक्ताओं के पास फंसे हैं। इनमें से अधिकतर उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने तीन से चार माह से बिजली बिल की अदायगी नहीं की है। बोर्ड के मुताबिक इसके बारे में वे कई बार उपभोक्ताओं को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं लेकिन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने की जहमत नहीं उठाई। ऐसे में अब विद्युत बोर्ड ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस जारी किए हैं।
नोटिस के माध्यम से 15 दिन के भीतर उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने के आदेश जारी किए गए हैं। निर्देशों की अवहेलना पर बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिया जाएगा। विद्युत बोर्ड उपमंडल चंबा द्वितीय के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि 350 विद्युत उपभोक्ताओं को बिल न जमा करवाने की सूरत में नोटिस भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर उपभोक्ता 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।