चौगान वार्ड से चुनाव लड़ने वाली अधिवक्ता भावना ने की जांच की मांग
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच की आरंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर चुनाव लड़ने और प्रशासन एवं निर्वाचन प्रक्रिया को गुमराह करने की शिकायत अधिवक्ता एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी भावना मल्होत्रा ने सदर थाना चंबा में दी है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अब छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत में अधिवक्ता एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी भावना मल्होत्रा ने बताया कि नप चंबा के चुनाव में उन्होंने चौगान वार्ड से चुनाव लड़ा था। उन्हें प्रतिद्वंदी प्रत्याशी ने पराजित किया। शिकायत में आरोप लगाया कि विजयी प्रत्याशी तन्वी गोस्वामी ने मुस्लिम परिवार में विवाह किया है। इसके अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित अधिकार स्वत: समाप्त हो जाते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बावजूद इसके तन्वी गोस्वामी ने अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर चुनाव लड़ा। प्रशासन एवं निर्वाचन प्रक्रिया को गुमराह किया गया। उन्होंने पुलिस विभाग से सदर नायब तहसीलदार की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित प्रमाण पत्रों की सत्यता एवं पात्रता का उचित परीक्षण नहीं किया गया। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि इस प्रकार की शिकायत मिली है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।