चंबा। लोक निर्माण विभाग की सख्ती के बाद सड़कों के निर्माण कार्य में देरी करने वाली कंपनी ने तीन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने सड़कों का कार्य शुरू करने के लिए कंपनी को सात दिन का समय दिया था लेकिन, लोक निर्माण विभाग के सख्त रवैये और नोटिस मिलने के बाद कंपनी ने दो करोड़ की अतिरिक्त पेनल्टी को बचाने के लिए सात दिन से पहले ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया।
लक्ष्य कंस्ट्रक्शन कंपनी को लोक निर्माण विभाग ने चार सड़कों के निर्माण कार्यों में देरी करने पर एक करोड़ की पेनल्टी लगाई थी। साथ ही सात दिन में काम शुरू करने के आदेश दिए थे। सात दिन के भीतर काम शुरू न करने पर कंपनी को दो करोड़ रुपये की अतिरिक्त पेनल्टी लगनी थी। इससे बचने के लिए कंपनी के ठेकेदार ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में पहुंचकर कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया और तीन सड़कों का कार्य शुरू भी करवा दिया। जबकि, एक सड़क के कार्य को भी जल्द शुरू करने की बात कही।
गौरतलब है कि साच-फतेहपुर, रजेरा-बैली और घरग्रां के लिए बनाई जा रही सड़कों का निर्माण कार्य कंपनी की ओर से करवाया जा रहा था। लेकिन, कंपनी ने कई दिन से निर्माण कार्य बंद कर रखा था। इसको लेकर ग्रामीण विभाग के पास शिकायतें कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग ने कंपनी को सड़कों के कार्यों में देरी करने पर एक करोड़ की पेनल्टी लगाई। इसके साथ ही सात दिन में कार्य शुरू करने के आदेश दिए थे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि कंपनी ने दो करोड़ की अतिरिक्त पेनल्टी से बचने के लिए तीन सड़कों का कार्य शुरू कर दिया है। कंपनी को साफ हिदायत दी गई है कि तय सीमा अवधि में सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जाए अन्यथा कंपनी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।