शिमला के लिए एक सीधी बस, रात 7:30 बजे बाद नूरपुर से लौटने का साधन नहीं
लंबे रूटों पर सेवाएं बढ़ाने और बस स्टॉप की सुविधाएं सुधारने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। वर्ष 2004 में चुवाड़ी में हिमाचल पथ परिवहन निगम का सब डिपो स्थापित हुआ था, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। करीब 22 साल बाद भी लंबी दूरी के सफर के लिए लोगों की निर्भरता नूरपुर और पठानकोट पर बनी हुई है।
चंडीगढ़ और शिमला के लिए सोलन डिपो की एकमात्र सीधी बस सेवा उपलब्ध है, जबकि धर्मशाला, मंडी, कुल्लू, जम्मू और अमृतसर जाने के लिए यात्रियों को दूसरे शहरों से बस पकड़नी पड़ती है। चंबा से बस में सीट बुक करवाने पर 250 रुपये अतिरिक्त देने पड़ते हैं। उधर, अड्डा प्रभारी जितेंद्र राणा ने बताया कि बसों की कमी के बारे में आरएम चंबा को अवगत करवाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द नई बसें आएंगी और उन्हें लंबे रूटों पर चलाया जाएगा।
लाहड़ू से गुजरने वाली बसों को वाया चुवाड़ी चलाया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके। - अजय चंबियाल
रात 7:30 बजे के बाद नूरपुर से चुवाड़ी आने के लिए बस नहीं मिलती। रात्रिकालीन बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। - संजीव शांडिल्य
विद्यार्थियों को हमीरपुर और धर्मशाला में परीक्षा देने के लिए कई बार एक दिन पहले निकलना पड़ता है। बस सेवाएं बढ़ने से उनका समय और अतिरिक्त खर्च बचेगा। - सुनील कुमार
बसें चलाने के साथ बस स्टॉप पर रेन शेल्टर की हालत सुधारी जाए। बारिश में पानी अंदर आता है। गर्मियों में पंखों की व्यवस्था नहीं है। यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। - अभिनय रैना