चुवाड़ी (चंबा)। प्रदेश सरकार एवं ब्रह्मा कुमारी दिव्यांग सेवा विंग पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर चुवाड़ी में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें माउंट आबू से आए दिव्यांग सेवा अभियान दल के मुख्य संचालक बीके सूर्य प्रकाश एवं विशेष शिक्षक बहन कानगी शर्मा ने बच्चों को मेडिटेशन का महत्व समझाया।
प्रदेश सरकार एवं ब्रह्मा कुमारी दिव्यांग सेवा विंग द्वारा राज्य स्तरीय दिव्यांग समानता, संरक्षण एवं सशक्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके 12वें दिन चुवाड़ी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। बहन कानगी शर्मा ने कहा कि ब्रह्मा कुमारी संस्था द्वारा सिखाया जा रहा ध्यान दिव्यांग बच्चों के मानसिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है। वे अपने स्कूल के सभी बच्चों के लिए नियमित रूप से मेडिटेशन सत्र शुरू करेंगी। उन्होंने अभियान दल का चुवाड़ी में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
ब्रह्मा कुमारी ज्योति दीदी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज में आज भी भेदभाव की दृष्टि से देखा जाता है और उन्हें समान अवसर नहीं मिलते। ऐसे में उनके आध्यात्मिक सशक्तिकरण की आवश्यकता और भी अधिक है। कार्यक्रम में बच्चों के लिए चित्रकला, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुमारी शारदा द्वारा प्रस्तुत हिमाचली नृत्य से हुआ, जिसने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। संवाद