चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में कोरोना महामारी की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तीसरी लहर में छोटे बच्चों के संक्रमित होने की ज्यादा संभावना जताई जा रही है। इसके लिए प्रबंधन ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल की तीसरी मंजिल में बच्चों के लिए पचास बेड का कोविड वार्ड बनाने का फैसला लिया है। इसको लेकर प्रबंधन ने कार्य शुरू कर दिया है। कुछ दिन में कोविड वार्ड बनकर तैयार हो जाएगा। गौरतलब है कि दूसरी लहर में चंबा में कोरोना संक्रमण काफी अधिक फैल गया था। इस लहर में 70 के करीब लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि पचास से अधिक लोगों की पहली लहर में मौत हुई थी। इसलिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन तीसरी लहर से निपटने के लिए पहले ही तैयारियों में जुट गया है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है जिससे, तीसरी लहर में कम से कम बच्चे और अन्य लोग चपेट में आएं। इसके लिए लोगों को कोविड नियमों की पूरी तरह से पालना करने के लिए कहा जा रहा है। दूसरी लहर में मेडिकल कॉलेज में कोरोना मरीजों के लिए अस्सी बेड का कोविड अस्पताल बनाया गया था, जिसमें कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट कर चुका है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन तैयारियों में जुटा है। कोविड वार्ड में ऑक्सीजन सहित अन्य सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर आने की पूरी संभावना है। इसमें बच्चों के संक्रमित होने का खतरा है। इसलिए अस्पताल की तीसरी मंजिल में बच्चों के लिए पचास बेड का कोविड वार्ड तैयार किया जा रहा है। यहां कोरोना संक्रमित बच्चों का इलाज किया जाएगा।