क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में एक शिशु रोग विशेषज्ञ के लंबे समय से गायब
रहने से दूसरे शिशु विशेषज्ञ पर काम का बोझ बढ़ गया है। अस्पताल में शिशु
रोग विशेषज्ञ एक महीने से गायब चल रहे हैं। उनके लौटने के बारे में अस्पताल
प्रबंधन को कुछ भी पता नहीं है। उन्होंने छुट्टी के लिए अस्पताल प्रशासन
को कोई भी अर्जी नहीं दी है।
उनके गायब रहने से दूसरे शिशु विशेषज्ञ डॉ.
विशाल महाजन को ओपीडी में रोजाना सौ से अधिक बच्चों को चेक करना करना पड़
रहा है। डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि उनको सुबह आठ बजे से लेकर शाम तक
अस्पताल में अपनी सेवाएं देनी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि एक शिशु रोग
विशेषज्ञ के गायब हो जाने से उनकी ओपीडी में बच्चों की संख्या बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि उनके उपर एमएस का कार्यभार भी है। परंतु ओपीडी में मरीज
ज्यादा होने के कारण अस्पताल के कार्य करने में उन्हें काफी परेशानियों का
सामना करना पड़ रहा है।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीआर कौशल ने
बताया कि शिशु रोग विशेषज्ञ अश्वनी सम्मी ने अस्पताल प्रबंधन को छुट्टी के
लिए किसी प्रकार की अर्जी नहीं दी है। साथ ही उनके वापस लौटने का भी कुछ
पता नहीं है।