बिजली बिल जमा न करवाने पर काट दिया था कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के समीप स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी कार्यालय हरदासपुरा में आखिरकार बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। विभाग की ओर से बिजली बिल की राशि बोर्ड के कार्यालय में जमा करवा दी गई है। राशि जमा होने के बाद अब बिजली बोर्ड ने कार्यालय की बिजली बहाल कर दी है। करीब 12 दिन तक कार्यालय में बिना बिजली के काम चलता रहा। ऐसे में कार्यालय आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हुई। बिजली बोर्ड की ओर से दिसंबर के अंतिम सप्ताह में बिजली का कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिया था। ग्रामीण विकास परिसर में यह कार्यालय चल रहा है लेकिन नियमित रूप से बिजली बिल की अदायगी नहीं की जा रही है। इसके चलते पेंडेंसी बढ़कर एक लाख चालीस हजार तक पहुंच गई। बहरहाल, अब ग्रामीण विकास विभाग और जिला बाल सरंक्षण इकाई कार्यालय की ओर से इस राशि का भुगतान किया गया। करीब 70-70 हजार रुपये दोनों विभागों की ओर से दिए गए। इसके बाद बिजली आपूर्ति पुन: बहाल हुई है। गौरतलब है कि बिजली बोर्ड की ओर से लंबे समय से बिल न चुकाने वाले सरकारी विभागों पर शिकंजा कस दिया है। बोर्ड की ओर से अस्थायी तौर पर बिजली के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। साथ ही जल्द बिजली बिल जमा करवाने के लिए कहा जा रहा है।
कार्यवाहक जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी आरआर भारद्वाज ने बताया कि बिजली बिल जमा करवा दिया है। साथ ही नए कनेक्शन के लिए भी आवेदन कर दिया है। कहा कि कार्यालय में अपना मीटर लगाया जाएगा जिससे नियमित तौर पर हर माह बिजली बिल का भुगतान किया जा सके।