चंबा-तीसा मार्ग दोपहर बाद वीरवार को पंगोला नाला के समीप भूस्खलन होने से बंद हो गया। जिससे चंबा से तीसा, सनवाल व बैरागढ़ के बीच होने वाला यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
हालांकि लोनिवि ने राहत कार्य तो शुरू कर रखा था लेकिन तेज बरसात और पहाड़ी से गिर पत्थरों के चलते सड़क का खुल पाना मुश्किल है। जिसके चलते लोगों को काफी देर तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। परेशानी से जूझ रहे वाहन चालकों में से सुरेंद्र, देवराज, पवन, अजय और सुनील ने बताया कि बारिश के दिनों में अक्सर पंगोला नाला के साथ लगती पहाड़ी से भूस्खलन शुरू हो जाता है। बारिश होने की स्थिति में सड़क बहाल करने का कार्य भी नहीं किया जा सकता। क्योंकि साथ लगती पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो जाते हैं।
उधर इस समस्या के चलते एचआरटीसी और निजी बसें भी तीसा में ही फंसी रही। एसडीओ लोनिवि तीसा कुमुद उपाध्याय पाधा ने बताया कि लोनिवि की मशीनरी मौके पर पहुंचा दी गई है लेकिन जोरदार बारिश होने की वजह से राहत कार्य करने में मुश्किलें हैं। जैसे ही परिस्थिति अनुकूल होगी सड़क को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।