डलहौजी/खज्जियार/चंबा। जिले में नए साल का स्वागत लोगों ने जश्न मनाकर किया। बुधवार रात से ही जश्न शुरू हो गया। किसी ने आतिशबाजी की तो किसी ने मिठाई बांटी। कुछ जगह नाच-गाकर लोगों ने खुशी मनाई। वहीं, पर्यटन स्थल खज्जियार और डलहौजी में पर्यटकों ने डीजे की धुनों पर झूम कर नये साल का स्वागत किया।
खज्जियार का झील मैदान चार दिन से पर्यटकों से भरा है। होटलों में बुधवार को 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही है। अब कमरे खाली नहीं बचे हैं। छोटा-बड़ा व्यवसायी इस भीड़ के जुटने से काफी खुश है। उनका जो कारोबार कई महीनों से ठप चल रहा है। उसमें तेजी आ गई है।
दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, पंजाब सहित अन्य राज्यों से पर्यटक इन दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। डलहौजी में बुधवार को नए साल के जश्न में होटलों में कैंप फायर और डीजे नाइट का आयोजन किया गया। देर रात तक होटलों में गाना-बजाना चला। अन्य दिनों में इस प्रकार की व्यवस्था होटलों में देखने को नहीं मिलती।
पर्यटकों के मनोरंजन के साथ उनके खान-पान के लिए भी विशेष व्यंजनों को तैयार किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस हर चौराहे पर मुस्तैद नजर आई। ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर अन्य सुरक्षा प्रबंधों पर पुलिस ने अपनी पैनी नजर रखी।