डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में विंटर कार्निवल की अंतिम संध्या पर पावंटा साहिब की वंशिका राठौर ने पहाड़ी, हिंदी और पंजाबी गीतों की झड़ी लगा दी। जिसे सुनकर लोग नाचने पर मजबूर हो गए। सांस्कृतिक संध्या का आगाज दयालू राम द्वारा पारंपरिक मुसादा गायन की प्रस्तुति से हुआ।
जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने बताया कि विंटर कार्निवल की अंतिम संध्या का आगाज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने किया। इस दौरान स्कूली बच्चों, सांस्कृतिक दलों समेत उभरते हुए हिमाचली कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध करने का काम किया।
इस दौरान डलहौजी के जुगल जरयाल ने मनमोहक गीतों की झड़ी लगाकर पर्यटकों को बांधने का काम किया। डलहौजी की मारिहा ने हिमाचली गीतों की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं, जिसे लोगों ने खूब सराहा। डलहौजी के गायक मस्त राम ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
हिमाचली लोक गायक परवीन ने पहाड़ी गीतों से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। गोली निवासी पिंकू ने हिमाचली गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद ओपन माइक के जरिये पंजाब के पर्यटक वनराज ने एक के बाद एक गीतों की प्रस्तुतियां देकर लोगों खूब मनोरंजन किया।