चंबा। जिले में मूसलाधार बारिश से नेशनल हाईवे समेत आधा दर्जन सड़कें बाधित हो गई है। इस वजह से सैकड़ों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन होने से सड़कें बाधित हुई हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग समेत एनएच प्राधिकरण ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़कों को बहाल कर दिया है।
भरमौर-पठानकोट एनएच ढुंढियारा के पास भूस्खलन से वीरवार शाम साढ़े चार बजे यातायात के लिए बाधित हो गया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एनएच मंडल की मशीनरी ने कड़ी मशक्कत के बाद पांच बजे हाईवे को बहाल कर दिया था।
वहीं, गैहरा के पास धंसे एनएच को भी डंगा लगाकर वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। कुल मिला कर मूसलाधार बारिश ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है।
जानकारी अनुसार जिले में वीरवार को मूसलाधार बारिश से सुबह सात बजे तीसा मंडल के तहत तरैला-मंगली, नकरोड़-खडजौता, नकरोड़-थल्ली, भनौता-भराड़ा, बैरागढ़-चांजू, चांजू-जखराला और चन्हाल खड्ड के पास सड़कें मलबा और पत्थर गिरने से यातायात के लिए बाधित हो गईं।
सड़कों के बंद होने से दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। ऐसे में गंतव्य की ओर निकलने वाले लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची लोनिवि की लेबर और मशीनरी मौके पर पहुंची और सड़कों को बहाल करने के कार्य में जुट गई। दोपहर बाद बारह बजे तक सभी मार्गों को बहाल किया जा सका।
लोनिवि मंडल तीसा के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि तीसा मंडल के तहत मूसलाधार बारिश से सुबह सात बजे करीब आधा दर्जन सड़कें बाधित हो गई थी। सभी सड़कों को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों के बंद होने से विभाग को 25 लाख की चपत लगी है।