चंबा। मंगली से चंबा के लिए आ रही निजी बस का टायर फिसलकर तरैला पुल के पास हवा में लटक गया। इससे बस में सवार 30 सवारियों की चीखें निकल गई। ऐन मौके पर चालक ने सूझबूझ से काम लेते हुए ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया।
इसके बाद चालक ने एक-एक कर सवारियों को नीचे उतारा। ग्रामीणों ने सड़क के बाहर पत्थरों का डंगा लगाकर और जेसीबी मंगवाकर बस को खिंचवाया। इसके बाद बस गंतव्य के लिए रवाना हई।
जानकारी के अनुसार मंगली से चंबा के लिए सुबह साढ़े आठ बजे के करीब निजी बस चली थी। बस सुबह नौ बजे तरैला पुल के पास पहुंची तो बारिश के कारण सड़क पर बढ़ी फिसलन से बस का पिछला टायर हवा में लटक गया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में सवार 30 सवारियां बुरी तरह से घबरा गई। इसी बीच चालक ने सूझबूझ से काम लेते हुए बस को रोककर सवारियों को एक-एक कर बाहर निकला। इसके बाद ग्रामीणों और सवारियों ने हवा में लटक रहे टायर के नीचे पत्थरो का डंगा लगाया।
इसके साथ ही जेसीबी को भी फोन कर मौके पर बुलाया गया। इसके बाद जेसीबी के पहुंचने के बादजेसीबी के माध्यम से बस को खिंचकर निकाला गया। करीब एक घंटे के बाद निजी बस सवारियों को लेकर रूट पर रवाना हुई।