चंबा। सिहुंता में बिजली के घोषित कट के बीच आपूर्ति बहाल करने पर कामगार को करंट लगने के मामले में पुलिस ने बिजली बोर्ड के जेई और कर्मचारी पर मामला दर्ज किया है। यह मामला लापरवाही से हादसा होने के तहत शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ है।
वीरवार को पुलिस को सौंपी शिकायत में पंकज निवासी सनिहाल, कांगड़ा ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 8:17 बजे वह बिजली बोर्ड से शटडाउन आदेश प्राप्त कर तहसील कार्यालय सिहुंता के पास कार्यरत था। उसी दौरान रावण सिंह, जो बिजली के खंभे पर काम कर रहा था, उसे अचानक करंट का झटका लगा, जिससे वह खंभे से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
पंकज ने आरोप लगाया कि बोर्ड के जेई समेत अन्य कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।