चंबा। दिन सोमवार। समय सुबह 11 बजे। स्थान जिला रोजगार कार्यालय चंबा। नौकरी के लिए युवा जिला रोजगार कार्यालय पहुंच रहे हैं। करीब 11:15 बजे युवाओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।
कोरोना प्रॉटोकोल के तहत मास्क पहनकर अभ्यर्थी कार्यालय में प्रवेश कर रहे हैं। कार्यालय में पहुंचने के बाद सैनिटाइजर से हाथ साफ युवा साफ कर रहे हैं। साक्षात्कार के लिए पहुंचे युवाओं को साक्षात्कार से संबंधित जानकारी युवा विशेषज्ञ तनु कुमारी दे रही हैं। इसके बाद कंपनी के अधिकारी बेरोजगारों से रूबरू हो रहे हैं। 11:30 मिनट पर युवाओं को फार्म बांटे जा रहे हैं। युवा फार्म भर रहे हैं और एक-दूसरे से भी पूछ रहे हैं।
12:00 बजे लिखित परीक्षा शुरू होती है। आधे घंटे में परीक्षा पूरी करने की बात कंपनी के अधिकारी कह रहे हैं। 12:30 पर परीक्षा पूरी होती है। इसके बाद परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाता है। इसमें 126 बेरोजगार युवा परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाए और 74 बेरोजगार युवा दूसरे राउंड के लिए चयन हुए। इसके बाद साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू हुई। जो शाम पांच बजे तक चलती रही। एल्केम लैबोरेट्री लिमिटेड कंपनी बद्दी ने ट्रेनी वर्करों के 50 पद भरने के लिए साक्षात्कार लिए। साक्षात्कार के दौरान युवाओं में काफी उत्साह दिखा। युवाओं ने उत्साह के साथ साक्षात्कार में भाग लिया और अनुभव साझा किए।
रोजगार के अवसर घटे
कियाणी के अभिषेक शर्मा ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते निजी सेक्टर में रोजगार के अवसर काफी कम हुए हैं। अब दोबारा से विभाग की ओर से इंटरव्यू लिए जा रहे हैं। जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे है।
नौकरी के मिलते हरें अवसर
तीसा के जीत सिंह का कहना है कि विभाग की ओर से रोजगार के अवसर प्रदान किया जा रहे हैं। इससे युवाओं को घर द्वार पर नौकरी हासिल करने का मौका मिल रहा है। भविष्य में भी इस तरह के इंटरव्यू होने चाहिए।
चंबा में उद्योग लगाएं
कियाणी के विजय कुमार ने बताय कि चंबा में कोई बड़ा उद्योग या कंपनी नहीं है। ऐसे में युवाओं को नौकरी के लिए बाहरी जिलों और राज्यों का रुख करना पड़ रहा है। सरकार को जिला में भी उद्योग लगाने चाहिए।
न्यूनतम वेतन 18 हजार हो
तीसा के धर्म सिंह का कहना है कि निजी सेक्टर में नौकरी मिलने के बाद वेतन कम रहता है। ऐसे में घर से बाहर काफी दिक्कतें पेश आती हैं। कंपनी को न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये निर्धारित करना चाहिए।
दो सौ युवाओं ने लिया हिस्सा
जिला रोजगार अधिकारी चंबा अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन सफल रहा। उन्होंने कहा कि दो सौ बेरोजगारों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा में अधिकतर बेरोजगार उत्तीर्ण नहीं हो पाए।
रंग महल चंबा में कैंपस इंटरव्यू के दौरान पेपर में बैठे अभ्यर्थी।- फोटो : Chamba