सरकार के बजट से नाराज एसपीओ बैठक में आगामी रणनीति बनाते हुए।
- फोटो : Chamba
चंबा। प्रदेश के एसपीओ ने सरकार की ओर से पेश किए गए बजट में 900 रुपये की वेतन बढ़ोतरी को भद्दा मजाक बताया है। एसपीओ कल्याण संघ ने बजट जारी होने के बाद बैठक कर इस वेतन को न लेने का निर्णय लिया है। बैठक में मौजूद सभी एसपीओ ने सरकार के बजट को निराशाजनक बताया। कहा कि सरकार अपने बजट में प्रदेश के एसपीओ के लिए कुछ खास नहीं कर पाई। संघ के जिला अध्यक्ष श्याम ठाकुर ने बताया कि 23 वर्षों से सीमांत क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले एसपीओ को सरकार के बजट से निराशा हाथ लगी है।
एसपीओ सरकार से सम्मानजनक वेतन 18000 रुपये देने की मांग कर रहे थे लेकिन, इसकी एवज में सरकार से 900 रुपये का झुनझुना उनके हाथों में पकड़ा दिया गया। एसपीओ को केंद्र सरकार छह हजार रुपये मासिक वेतन देती है। कुछ वर्ष पहले प्रदेेश सरकार ने एक हजार रुपये एसपीओ को देने का प्रावधान किया था लेकिन, इससे एसपीओ अपने परिवार का पालन-पोषण नहीं कर पा रहे थे। लंबे समय से सरकार से सम्मानजन वेतन की मांग करने पर सरकार ने मात्र 900 रुपये बढ़ाने की घोषणा करके उनके साथ भद्दा मजाक किया है। इसे एसपीओ स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार 900 रुपये के साथ-साथ जो एक हजार रुपये एसपीओ को दे रही थी, उसे भी वापस ले सकती है। एसपीओ केंद्र सरकार से मिलने वाले वेतन पर ही अपने परिवार का पालन-पोषण कर लेंगे। इस मौके पर संघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।