तीसा (चंबा)। चुुराह में दो रूटों पर सरकारी बसें न चलने से आधा दर्जन पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भंजराडू से चनवास और बिहाली रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस छह माह से बंद पड़ी है। इसकी वजह से लोगों को टैक्सी या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। टैक्सी चालक लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ग्राम पंचायत तीसा-दो, जुंगरा, पधर, खजुवा और बिहाली की 15 हजार आबादी रूटों पर बस सेवा बंद होने से परेशान है।
गौरतलब है कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान बस सेवाएं बंद की गई थी लेकिन कर्फ्यू हटने के बाद अन्य रूटों पर बसें चला दी गई और इन दोनों रूटों पर एचआरटीसी ने बसों को नहीं चलाया। इसकी वजह से इन पंचायतों के लोग निजी वाहनों या फिर टैक्सियों में सफर करने के लिए मजबूर हैं। लोगों को सिविल अस्पताल तीसा और भंजराडू मुख्यालय जाने के लिए टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एचआरटीसी प्रबंधन को चेतावनी दी है कि अगर दस दिन के भीतर इन रूटों पर बसें नहीं चलाई गईं तो ग्रामीण एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे। उसके बाद जो भी परिस्थिति पैदा होगी, उसके जिम्मेदारी प्रशासन और एचआरटीसी प्रबंधन की रहेगी। उन्होंने प्रशासन और एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि इन रूटों पर शीघ्र बसें चलाई जाएं। आरएम चंबा राज कुमार ने बताया कि इन रूटों पर जल्द बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।