खज्जियार (चंबा)। परिवहन निगम की अनदेखी के चलते खज्जियार जाने वाले लोगों को अब तीन किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। खज्जियार जाने वाली बसें मियाड़ी गला तक ही जाती हैं और उसके आगे नहीं बढ़तीं है, जबकि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बहाल करवा दी गई है।
यात्री बताते हैं कि बस चालक बस को मियाड़ी गला में रोक देते हैं, जिसके बाद यात्रियों को घने जंगल से होकर खज्जियार तक तीन किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है। इस मार्ग पर जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय निवासी विशाल, सूरज, पियुष, योगराज, कमल कुमार, जितेंद्र, देसराज और देवेंद्र कुमार ने कहा कि सरकारी बस का रूट खज्जियार तक ही है, लेकिन चालक बर्फ का हवाला देकर आगे नहीं बढ़ते है। हालांकि, सड़क से बर्फ पूरी तरह साफ कर दी गई है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग इस पैदल सफर में खासे असहज महसूस कर रहे हैं।
इस मामले पर एचआरटीसी के चंबा डिपो के आरएम शुगल सिंह ने कहा कि सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा और बस को खज्जियार तक भेजने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।