सन्नी शर्मा।संवादखज्जियार वाली खबर के साथ
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार के लोगों और पर्यटकों को बुधवार को सरकारी बस सेवा ठप रहने का भारी खामियाज़ा भुगतना पड़ा। सुबह चंबा से 7:00 बजे निकली सरकारी बस भनेरा में खराब हो गई, जबकि खज्जियार से 8:20 बजे चंबा के लिए चलने वाली दूसरी बस स्टार्ट ही नहीं हुई। वहीं, डलहौजी रूट से सुबह 9:20 बजे खज्जियार पहुंचने वाली बस भी नहीं आई।
इस अव्यवस्था के चलते स्कूली और कॉलेज के छात्र, नौकरीपेशा लोग और स्थानीय यात्री पैदल ही सफर करने को मजबूर हुए। कई यात्रियों को टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा, जबकि कुछ ने 20 किलोमीटर का रास्ता पैदल तय किया।
खज्जियार की पहचान दुनिया भर में एक पर्यटन स्थल के रूप में है, लेकिन परिवहन निगम यहां खटारा बसें चलाकर लोगों और पर्यटकों को परेशानी में डाल रहा है। अशोक कुमार, स्थानीय निवासी
इस रूट पर हफ्ते में चार दिन बसें खराब रहती हैं। लोगों को हर सफर में यही डर लगा रहता है कि बस पता नहीं कहां खराब हो जाएगी। शंभू ठाकुर, स्थानीय निवासी
सरकार और प्रशासन को गंभीरता दिखाते हुए खटारा बसों की जगह अच्छी कंडीशन की बसें रूट पर भेजनी चाहिए। नवीन कुमार, स्थानीय निवासी
अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो लोग सरकारी बस में सफर करना ही छोड़ देंगे। सन्नी शर्मा, स्थानीय निवासी
बसों में तकनीकी खराबी के कारण यह दिक्कत आई। मेकेनिक भेजकर बसों की मरम्मत करवाई जा रही है और भविष्य में ऐसी समस्या नहीं आने दी जाएगी। शुगल सिंह, आरएम, चंबा डिपो